Haryana के इस शहर में 11 करोड़ की सौगात के साथ साथ इन लोगों को मिलेगा मालिकाना हक
Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज इंद्री विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए लगभग 11 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत की कुल 4 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें मुगल माजरा गांव में 33 के.वी. सब-स्टेशन तथा मटक माजरी गाँव में स्विमिंग पूल का उद्घाटन शामिल है। इन पर 9 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत आई है। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने बीबीपुर जाटान व दनियालपुर के उप स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास किया। इन पर 1 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
Haryana Update news : मुख्यमंत्री ने सोमवार को जिला करनाल के इंद्री विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंद्री हल्कावासियों के लिए घोषणाओं की झड़ी लगाई। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि महाग्राम योजना के तहत गाँव संगोहा व संघोई में पेजयल, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य तीव्र गति से किया जायेगा, इस पर 24 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
स्कूल, सड़क व छठ पूजा घाट की घोषणा
मुख्यमंत्री ने इंद्री में छठ पूजा घाट बनाने, पीडब्ल्यूडी की सड़कों के नवीनीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये तथा मंडी बोर्ड की सड़कों के नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। साथ ही, इंद्री हलके के स्कूलों के नवीनीकरण और उनके रखरखाव के लिए 5 करोड रुपए देने की भी घोषणा की।
पार्कों पर दिया जाएगा विषेश ध्यान
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि बड़ा गांव के सब सेंटर को पीएचसी में अपग्रेड किया जाएगा। हर्बल पार्क के विस्तार और सौंदर्यीकरण का कार्य तीव्रता से किया जायगा। धनोरा एस्केप में पानी के कारण प्रभावित होने वाले गांवों की समस्या का भी निराकरण किया जाएगा, ताकि जलभराव के कारण फसलों को नुकसान न हो।
लोगों को मिलेगा मालिकाना हक
इसके अलावा, गुढ़ा इंद्री में वार्ड नंबर 10, 11, 12, 13 में बसे लोगों को मालिकाना हक देने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका निरीक्षण करके नियमानुसार हल निकलवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंद्री जैनपुर रोड से इंद्री खेड़ा रोड तक इंद्री एस्केप ड्रेन के साथ 2.5 किलोमीटर के कच्चे रास्ते को पक्का किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि इंद्री एस्केप पर वीआर ब्रिज बनाया जायगा और पुराने पुल का नवीनीकरण भी किया जाएगा। इंद्री एस्केप पर आरडी 0-5200 से दायीं ओर रास्ते का निर्माण किया जायगा। उन्होंने कहा कि इंद्री बाईपास को फोर लेन करने के लिए फिजिबिलिटी चेक करवाकर इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उपरोक्त घोषणाओं के अलावा, इंद्री के विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
भाजपा ने लगातार रचा इतिहास
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार की नीतियों पर विश्वास जताकर हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाकर जन विरोधी ताकतों को हराने का काम किया है। जनता ने उन ताकतों को करारा जवाब देने का काम किया है जो संविधान को खतरा बताकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने का काम कर रही थी। कांग्रेस बोलती थी कि संविधान को खतरा है, जबकि सच्चाई यह है कि संविधान को कोई खतरा नहीं है, खतरा तो कांग्रेस को है। देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता चुनावों के दौरान बोलते थे कि 50 वोट हमें दे दीजिए एक नौकरी देने का काम करेंगे, लेकिन प्रदेश की जनता ने ऐसी सोच को हराने का काम किया है। जनता ने चुनावों से पहले ही नौकरियों में बंदरबांट करने की घोषणा करने वाले लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा सरकार बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने, अंत्योदय दर्शन के अनुरूप सबसे पहले सबसे गरीब के उत्थान की नीति, सबका साथ- सबका विकास तथा हरियाणा एक -हरियाणवी एक की भावना से जनकल्याण की नीतियों को जीताने का काम किया है।
बिना पर्ची बिना खर्ची नौकरियां दी
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिना पर्ची-बिना खर्ची के हरियाणा के लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पिछले 10 वर्षों में हमने हरियाणा के विकास के लिए काम किया है, तीसरे कार्यकाल में भी हमारी सरकार तीन गुना अधिक गति से विकास कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि यह रैली इंद्री के विकास को एक नई गति, नई दिशा देने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस और कांग्रेस के सहयोगी दलों के पास बोलने के लिए कुछ नहीं था। 55 सालों में कांग्रेस ने गरीबों के बारे में विचार नहीं किया, वे सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा देते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में जो कहा, उसे तो धरातल पर उतारा ही और जो नहीं भी कहा, उसको भी धरातल पर उतारने का काम किया है।
इंद्री में बीते दस साल में 391 करोड़ का विकास हुआ
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के 10 वर्ष के शासन में इंद्री में मात्र 391 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए, जबकि भाजपा सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल में इंद्री में 1300 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। पहले पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, गरीब व्यक्ति सुविधाओं से वंचित रह जाता था। परंतु हरियाणा प्रदेश की जनता ने ऐसी भ्रष्टाचारी पार्टी, जो क्षेत्रवाद को जन्म देती थी और परिवारवाद को बढ़ावा देती थी, ऐसी सरकार को बाहर करने का काम किया है। कांग्रेस के लोग कह रहे हैं ईवीएम खराब हो गई, लेकिन वास्तविकता तो यह है कि ईवीएम खराब नहीं कांग्रेस की नीतियां खराब थी और उन नीतियों के कारण ही जनता ने कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाने का काम किया है।
रेलवे से लेकर एयर कनेक्टिवी में प्रदेश रहा आगे
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में चाहे हरियाणा प्रदेश या देश के अंदर रोड कनेक्टिविटी, रेलवे कनेक्टिविटी या एयर कनेक्टिविटी की बात हो, एम्स बनाने की बात हो, कॉलेज और मेडिकल कॉलेज बनाने की बात हो, भाजपा सरकार ने तेज गति से इस देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान -चिरायु योजना के तहत हरियाणा प्रदेश के 16 लाख परिवारों के इलाज पर 2139 करोड़ रुपये की राशि सरकार ने खर्च की है। हमारी सरकार हर घर गृहिणी योजना के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है। जिससे 13 लाख परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है।
5 लाख महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है और अब तक 1,45,773 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने हर घर नल से स्वच्छ जल पहुँचाया है और गांवों को 24 घंटे बिजली प्रदान कर रही है।
5 लाख मकान दिए जाएंगे गरीबों को
नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस कार्यकाल में हमारी सरकार 5 लाख मकान बना कर गरीबों को देने का काम करेगी। इसके अलावा, राज्य सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि प्रदेश में एक लाख परिवारों को 100- 100 गज के प्लॉट दिए जाएंगे, इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है।
इस अवसर पर विधायक राम कुमार कश्यप ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने इंद्री हल्कावासियों के लिए आज 11 करोड़ रुपये की लागत की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। राम कुमार कश्यप ने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों का मांग पत्र भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया।
हरियाणा मे इस रूट पर बनेंगे 21 नए मेट्रो स्टेशन: केंद्र सरकार ने दी मंजूरी