SBI Alert : एक क्लिक और बैंक खाता खाली! नेटिजन्स ने चेतावनी दी, बचके रहें इस लिंक से
इस तरह से काम करता है फ्रॉड
स्कैमर्स अब वाट्सऐप के जरिए लोगों को एक लिंक भेजते हैं, जिसका संदेश होता है ‘SBI Credit Card E-KYC Update’। यह लिंक असल में एक फर्जी वेबसाइट की ओर ले जाता है, जो एसबीआई की वेबसाइट से मेल नहीं खाती। जैसे ही शिकार व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करता है, वह Wix जैसे फ्री वेबसाइट बिल्डिंग प्लेटफार्म पर बनी एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जो एसबीआई की वेबसाइट की हूबहू नकल करती है। इस फर्जी वेबसाइट पर अपना व्यक्तिगत और वित्तीय विवरण भरने के बाद ठग पीड़ित की सारी जानकारी चुरा लेते हैं और उसका बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
क्या होता है इस स्कैम में नुकसान?
इस स्कैम का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि लोग खुद अपनी पर्सनल और फाइनेंशियल जानकारी ठगों के हाथों सौंप देते हैं। जब पीड़ित इस फर्जी वेबसाइट पर अपनी जानकारी डालता है, तो हैकर्स आसानी से बैंक डिटेल्स, पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड जानकारी और अन्य संवेदनशील डेटा चुरा लेते हैं। इसके बाद, वो तुरंत पीड़ित के अकाउंट से पैसे निकाल लेते हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ रही है चर्चा
इस स्कैम से जुड़े स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर इसे लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “एक्स परी है वो, घोटालेबाज अपनी एक्स की बात कर रहा है।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, “वे जानबूझकर स्मार्ट लोगों को फिल्टर करने के लिए ऐसा करते हैं।” एक और यूजर ने कहा, “भाई को अंग्रेजी कोचिंग क्लास और डिक्शनरी की सख्त जरूरत है।”
ठगी से बचने के उपाय
- कभी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें: अगर आपको किसी लिंक पर क्लिक करने का आग्रह किया जा रहा हो तो उसे हमेशा सही से जांच लें। एसबीआई जैसी महत्वपूर्ण वेबसाइटों पर जाने के लिए सिर्फ उनकी आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।
- संदिग्ध कॉल या मैसेज को नजरअंदाज करें: अगर आपको किसी फर्जी कॉल या मैसेज के जरिए जानकारी मांगी जा रही है तो इसे नजरअंदाज करें। बैंक कभी भी इस तरह की व्यक्तिगत जानकारी कॉल या मैसेज के जरिए नहीं मांगता।
- लिंक को फर्जी वेबसाइट से पहचानें: अगर लिंक के साथ वेबसाइट का URL सही न हो या उसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी हो, तो समझ जाइए कि यह फर्जी है।
- ऑनलाइन फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं से बचने के लिए हमें सतर्क रहना बहुत जरूरी है। इस तरह के स्कैम से बचने के लिए लोगों को सही जानकारी के लिए आधिकारिक चैनलों का ही सहारा लेना चाहिए। यदि आपको किसी संदिग्ध लिंक या कॉल का सामना होता है, तो तुरंत उसे रिपोर्ट करें और अपनी जानकारी को सुरक्षित रखें।