Haryana : पंचकूला ITI में बनेगी एडवांस्ड प्लंबिंग लैब, युवाओं को मिलेगी नई तकनीकी ट्रेनिंग
जैक्वार फाउंडेशन के साथ एमओयू
इस प्लंबिंग लैब की स्थापना के लिए जैक्वार फाउंडेशन के साथ एक एमओयू साइन किया गया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के निदेशक कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि यह अत्याधुनिक प्लंबिंग लैब जैक्वार फाउंडेशन की तकनीकी सहायता से संचालित होगी।
नए कौशल में दक्ष होंगे विद्यार्थी
इस प्लंबिंग लैब के माध्यम से छात्रों को नई प्लंबिंग तकनीकों, उच्च गुणवत्ता वाले उपकरणों और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग की सुविधाएं प्राप्त होंगी। इससे वे पाइप फिटिंग तकनीक, वाटर सप्लाई मैनेजमेंट, प्लंबिंग प्रणालियों और अन्य जरूरी कौशल में दक्ष हो सकेंगे।
हरियाणा सरकार के कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के तहत राज्य में 166 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और 242 निजी आईटीआई नेटवर्क कार्यरत हैं। इन संस्थानों के माध्यम से राज्य के बेरोजगार युवाओं को कौशल आधारित ट्रेनिंग दी जा रही है।
विद्यार्थियों के लिए लाभकारी पहल
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पंचकूला की प्राचार्या गीता आर सिंह का कहना है कि इस उन्नत प्लंबिंग लैब की स्थापना हरियाणा सरकार और जैक्वार फाउंडेशन की संयुक्त पहल से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण में मदद मिलेगी। इससे जिले में शिक्षा के स्तर को ऊंचा किया जाएगा और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। हरियाणा के पंचकूला में स्थापित होने वाली यह उन्नत प्लंबिंग लैब युवाओं को नई तकनीकों से परिचित कराएगी और उनके कौशल को और निखारेगी। इस कदम से राज्य में रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और युवाओं को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जाएगा।