logo

भाजपा संग से बैठक करेंगे पूर्व पंजाब सीएम, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी PLC का BJP में होगा विलय

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का जल्द ही भाजपा में विलय हो जाएगा। बताया जा रहा है कि 19 सितंबर को पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह इसकी घोषणा कर सकते हैं।
 
कैप्टन अमरिंदर सिंह
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) का भाजपा में विलय होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि 19 सितंबर को कैप्टन अमरिंदर सिंह इसकी घोषणा करेंगे। कैप्टन शनिवार शाम या रविवार को दिल्ली जाकर इस संदर्भ में भाजपा नेताओं से बैठक कर सकते हैं।

 

 

कांग्रेस छोड़ने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था। इसके बाद भाजपा के साथ मिलकर 2022 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। चुनाव में पीएलसी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। यहां तक कि कैप्टन को भी हार का मुंह देखना पड़ा था।

पंजाब विधानसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। चुनावों के बाद से कैप्टन की पार्टी की गतिविधियां पूरी तरह से ठप हैं। बहरहाल, यदि कैप्टन की पार्टी का भाजपा में विलय होता है तो पार्टी का कुनबा बढ़ जाएगा। राज्य के कई दिग्गज भाजपाई बन जाएंगे। 

बता दें, पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ माह पूर्व कांग्रेस में बड़ा बदलाव हुआ। पार्टी ने पंजाब की कमान नवजोत सिंह सिद्धू को सौंप दी। सिद्धू अपनी ही कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार पर आक्रामक रहे। कई बार वह कैप्टन से सीधे सवाल करते नजर आए। इससे कैप्टन अमरिंदर सिंह असहज हो गए।

आखिरकार कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद छोड़ना पड़ा 

सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया था। वहीं, कांग्रेस ने पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम पद सौंप दिया, लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू चन्नी के लिए भी मुश्किलें खड़ी करने लगे। वह चन्नी सरकार के फैसलों पर सवाल उठाने लगे। पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। पार्टी 117 विधानसभा सीटों में से 18 सीटें ही जीत पाई। चुनाव में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला। आप ने 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की।