Haryana: हिसार से जींद, रोहतक की ये 3 ट्रेनें हुई रद्द!
Haryana Breaking News Hindi, Haryana Update : हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है। जींद से हिसार और रोहतक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को कुछ दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है। इन ट्रेनों के रैक को महाकुंभ जाने वाली ट्रेन में अतिरिक्त रैक के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके चलते जींद रोहतक, हिसार, जाखल से जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए उत्तर भारत रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन स्पेशल ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को ट्रेन की सुविधा का लाभ मिल सके। लोकल पैसेंजर ट्रेनों के रैक को हटाकर प्रयागराज स्पेशल ट्रेनों में जोड़ा जा रहा है। इसके चलते अगले तीन दिनों तक लोकल ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द-
ट्रेन संख्या 54044 जींद-हिसार ट्रेन 17 फरवरी को रद्द की गई है। ट्रेन संख्या 54049 रोहतक-जींद पैसेंजर ट्रेन 17 और 18 फरवरी को रद्द की गई है। ट्रेन संख्या 54050 जींद-रोहतक पैसेंजर ट्रेन 16 व 17 फरवरी को रद्द रहेगी। इसके चलते जींद से रोहतक व हिसार रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ट्रेन संख्या 54043 जींद से शाम 4:25 बजे रवाना होती है, जो उचाना, नरवाना, जाखल, मानसा, बठिंडा, सिरसा, मंडी आदमपुर होते हुए हिसार पहुंचती है। वहीं, ट्रेन संख्या 54044 हिसार-जींद पैसेंजर ट्रेन हिसार से सुबह 5 बजे जींद के लिए रवाना होती है। ट्रेन संख्या 54049 रोहतक-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन सुबह 4:05 बजे रोहतक से गोहाना, पानीपत होते हुए जींद पहुंचती है। ट्रेन संख्या 54050 जींद से शाम करीब 4 बजे रवाना होकर पानीपत होते हुए रात करीब 8:30 बजे रोहतक पहुंचती है।
अगर यह ट्रेन रद्द रहती है तो यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जींद रेलवे जंक्शन स्टेशन अधीक्षक जेएस कुंडू ने बताया कि प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने जींद-रोहतक रूट पर चलने वाली कुछ ट्रेनों के रैक को स्पेशल प्रयागराज ट्रेन में जोड़ दिया है। ऐसे में यात्रियों को तीन दिन तक कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आने वाले अपडेट से यात्रियों को अवगत करा दिया जाएगा।