हरियाणा के लाल कपिल बैंसला ने बढ़ाया पलवल का मान, एशियन शूटिंग चैंपियनशिप मे जीता गोल्ड
रविवार को जब कपिल बैंसला अपने पैतृक गांव मुनीरगढ़ी पहुंचे तो गांववासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता और कानून विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम भी उनके निवास पर पहुंचे और कपिल को बधाई दी।
कजाकिस्तान में आयोजित 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में पलवल के खिलाड़ी कपिल बैंसला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए गोल्ड मेडल जीता। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे देश और खासकर पलवल जिले का मान बढ़ाया है।
रविवार को जब कपिल बैंसला अपने पैतृक गांव मुनीरगढ़ी पहुंचे तो गांववासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता और कानून विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम भी उनके निवास पर पहुंचे और कपिल को बधाई दी।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कपिल बैंसला की इस उपलब्धि पर पूरा पलवल जिला गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि कपिल ने देश के लिए मेडल जीतकर न केवल जिले का नाम रोशन किया है बल्कि युवाओं को भी नई प्रेरणा दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले पलवल जिला खेलों में पीछे माना जाता था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। आने वाले समय में पलवल किसी भी क्षेत्र में खेलों में पीछे नहीं रहेगा और खिलाड़ी लगातार जिले का नाम ऊंचा करते रहेंगे।
गौरव गौतम ने कहा कि सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। नशा परिवारों को बर्बाद करता है। इसलिए युवाओं को खेलों में भाग लेना चाहिए। कपिल बैसला ने कहा कि देश के लिए खेलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों में भाग लेना चाहिए और देश का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि में उनके माता पिता के साथ समाज के सभी लोगों का योगदान है। उनकी बदौलत ही यह मुकाम हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्य मंत्री नायब सैनी और खेल मंत्री गौरव गौतम खेलों को बढ़ावा दे रहे है।