Breaking News: मोरबी हादसे में अब तक 141 लोगों की मौत, पुल के रखरखाव और मैनेजमेंट एजेंसियों के खिलाफ केस दर्ज

Morbi Bridge Collapse Live: बता दें कि मोरबी जिले में रविवार शाम करीब 6.30 बजे मच्छू नदी पर बना केबल पुल टूट गया था। हादसे के समय पुल पर 300 से अधिक लोग मौजूद थे। यह पुल 233 मीटर लंबा और करीब सौ साल पुराना था।
मोरबी में हुई पुल दुर्घटना पर नेपाल के पीएम ने जताया दुख
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने गुजरात के मोरबी में हुए हादसे पर कहा, गुजरात के मोरबी में पुल गिरने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। हम बहुमूल्य जीवन की क्षति पर भारत सरकार और भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
मोरबी में हुई घटना पर हम किसी तरह की राजनीति नहीं करना चाहते- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोरबी में हुई दुर्घटना को लेकर कहा, मृतकों के परिवार को जल्द सरकार की ओर से राहत मिलना चाहिए,घायलों को राहत दी जानी चाहिए।
कांग्रेस पार्टी के कई नेता घटनास्थल पर पहुंचे हैं और अशोक गहलोत भी घटनास्थल पर पहुंचे रहे हैं। हम अभी इस पर किसी तरह की राजनीति नहीं करना चाहते हैं।
मोरबी में अब तक 132 शवों को निकाला गया- मोहसिन शाहिदी
NDRF के DIG (आपरेशन) मोहसिन शाहिदी ने बताया, 132 शवों को निकाला गया है। 2 लोगों के लापता होने की सूचना है। NDRF की 5 टीमों को तैनात किया गया है।
2 लापता लोगों के मिल जाने के बाद संभवतः सर्च आपरेशन बंद किया जाएगा। कल वहां के लोगों और प्रशासन ने 170 से ज्यादा लोगों को बचाया है।
कांग्रेस पार्टी और अपनी ओर से मृतक के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोरबी में हुए पुल हादसे को लेकर कहा, हम कांग्रेस पार्टी और अपनी ओर से मृतक के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
साथ ही जो भी लोग इस ब्रिज को बनाने में शामिल थे इसकी जांच की जानी चाहिए। इस ब्रिज को ठीक करने के बाद इसका उद्घाटन हुआ और मरम्मत के बाद ही ब्रिज गिर गया इसके पीछे क्या कारण है? इसकी जांच हो।
साथ ही इतने लोगों के एक साथ एक समय में ब्रिज पर उपस्थिति का कारण क्या था, इसका भी पता लगाया जाए।
मुख्यमंत्री पटेल पहुंचे कलेक्टर कार्यालय, दिए आवश्यक निर्देश
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आज सुबह मोरबी में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने तलाशी अभियान, राहत-बचाव अभियान, घायलों के इलाज सहित सभी मामलों की जानकारी ली और मोरबी में केबल ब्रिज गिरने की घटना में व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
पुल के रखरखाव और एजेंसियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मोरबी बी डिवीजन के पुलिस निरीक्षक प्रकाशभाई देकावड़िया द्वारा पुल के रखरखाव और एमजीएमटी एजेंसियों के खिलाफ धारा 304 (गैर इरादतन हत्या), 308 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास) और 114 (अपराध होने पर उपस्थित होने वाले) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।