IND vs AUS: पिच पर बवाल, क्यों उठ रहे इतने सवाल? जानिए
IND vs AUS: यहां 9 फरवरी गुरुवार से 4 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है. जामथा में टीम इंडिया (Team India) कंगारू टीम को मात दे चुकी है.
2008 में हुए टेस्ट मैच की बात करें, तो 20 में से 12 विकेट स्पिनर्स ने झटके थे. ऐसे में एक बार फिर भारतीय टीम का दारोमदार स्पिनर्स पर रहने वाला है. ऑफ स्पिनर आर अश्विन (R Ashwin) टेस्ट में 449 विकेट ले चुके हैं. ऐसे में वे कंगारू टीम के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं.
नागपुर की पिच को देखें तो सेंटर में काफी पानी डाला गया है. वहीं नीचे की ओर इसका उपयोग कम किया जा रहा है. मैच की शुरुआत से पहले घास भी काट दी जाएगी.
ऐसे में मैच के आगे बढ़ने पर पिच टूट सकती है और स्पिनर्स को फायदा मिल सकता है. इससे पहले खबर आई थी कि कोच राहुल द्रविड़ भी पिच पर अधिक घास देखकर खुश नहीं थे. पिच के हिसाब कहीं-कहीं रोलर का उपयोग भी किया गया है.
टॉप-5 में 4 स्पिनर्स
नागपुर के जामथा मैदान की बात करें, तो यहां टाॅप-5 सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में 4 स्पिनर हैं. ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने 3 टेस्ट की 6 पारियों में 17 की औसत से 23 विकेट लिए हैं.
2 बार 5 और एक बार 10 विकेट लिया है. ऐसे में एक बार फिर वे टीम का सबसे बड़ा हथियार होंगे. तेज गेंदबाज इशांत शर्मा 6 टेस्ट में 19 विकेट लेकर दूसरे नंबर पर हैं. 43 रन देकर 4 विकेट बेस्ट प्रदर्शन रहा है.
जडेजा भी लिस्ट में
पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह 3 टेस्ट में 13 विकेट लेकर तीसरे नंबर पर हैं. वहीं बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा 3 टेस्ट में 22 की औसत से 12 विकेट लेकर चौथे नंबर पर हैं.
33 रन देकर 4 विकेट बेस्ट प्रदर्शन रहा. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑफ स्पिनर जेसन क्रेजा एक टेस्ट में उतरे और 12 विकेट झटके. 2008 में उन्होंने एक पारी में 8 विकेट लेने का कारनामा किया था.
मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम की बात करें तो ऑफ स्पिनर नाथन लायन भारतीय टीम के लिए खतरा बन सकते हैं. वे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से भारत के खिलाफ सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. दोनों ही टीमें सीरीज में जीत के साथ आगाज करना चाहेंगी.