Haryana News: शादी के 20 दिन बाद ही पत्नी हुई गायब, 3 अन्य विवाहिताएं भी लापता

हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव बाघडू में एक नवविवाहित महिला अपने पति को सोता हुआ छोड़कर गायब हो गई. आधी रात को व्यक्ति की आंख खुली तो उसकी पत्नी घर में नहीं मिली.
 

दोनों की शादी को अभी 20 दिन ही हुए थे.दूसरी तरफ गोहाना और खरखौदा क्षेत्र में भी 3 अन्य विवाहित महिलाओं के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की FIR पुलिस ने दर्ज की है. चारों ही मामलों में फिलहाल महिलाओं का पता नहीं चल पाया है.

26 जनवरी को हुई शादी

सोनीपत के गांव बाघडू के सुरेश (बदला हुआ नाम) की शादी 26 जनवरी को यूपी के मथुरा क्षेत्र की रहने वाली युवती के साथ हुई थी. सुरेश ने अब पुलिस को बताया है कि शादी के बाद से उसकी पत्नी उनके साथ घर पर ही रह रही थी. हर रोज की तरह 15 फरवरी को भी वह घर के सारे कामकाज निपटा कर उसके साथ कमरे में सो गई थी.

सुरेश का कहना है कि रात को 1:15 बजे के आसपास उसकी आंख खुली तो उसकी पत्नी कमरे में नहीं थी. उसको घर में तलाश किया तो वहां भी उसका कोई पता नहीं चला.

उसकी पत्नी ने अपना फोन भी बंद कर लिया है. उसने पत्नी के मायके में भी फोन करके पूछताछ की, लेकिन वहां से बताया गया कि महिला वहां नहीं पहुंची है.

सोनीपत सदर थाना के एएसआई विकास ने बताया कि बाघडू गांव से एक नवविवाहित महिला रात को बिना बताए घर से चली गई है. पुलिस ने धारा 346 के तहत केस दर्ज कर लिया है. उसके पति का कहना है कि कि वह अपनी मर्जी से गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है


केस-2 : पत्नी को किसी ने छिपाया

सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र में भी एक विवाहिता के गायब होने का मामला सामने आया. गांव में मंडोरा के युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी जुलाई 2021 में गांव कुराना की एक युवती के साथ हुई थी.

14 फरवरी को वह निजी काम से बाहर गया हुआ था. शाम को घर पहुंचा तो उसकी पत्नी घर पर नहीं मिली. उसने आसपास और रिश्तेदारी में उसका पता किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा.

युवक ने बताया कि उसे शक है कि उसकी पत्नी को किसी ने अपने फायदे के लिए छुपाकर रखा हुआ है. खरखौदा थाने के सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि गांव में मंडोरा से एक विवाहित महिला के लापता होने का केस दर्ज कर लिया है. उसकी तलाश को लेकर पुलिस की कार्रवाई चल रही है.

केस-3: गोहाना शहर से महिला लापता

सोनीपत के गोहाना शहर से भी एक विवाहित महिला संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है. रोहतक गेट गोहाना निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि 15 फरवरी को उसकी पत्नी, जिसकी उम्र 26 साल है, बिना बताए कहीं चली गई है. उसने अपने स्तर पर तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. पुलिस ने धारा 346 के तहत केस दर्ज किया है.

केस-4 : बेटे को ले गई साथ

खरखौदा के गांव डकोत से एक विवाहित महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में घर से चले जाने का मामला सामने आया है. महिला घर से अपने बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए गई थी लेकिन इसके बाद से न तो महिला और न ही बच्चे का कोई पता चला.

डकोत गांव के एक व्यक्ति ने थाना खरखोदा दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब 8 साल पहले त्रिपुरा राज्य के राधा नगर में हुई थी. शादी के बाद उनके एक बच्चा पैदा हुआ.

उसने बताया कि उसकी पत्नी दो-तीन दिन पहले अपने बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए गई थी. इसके बाद न तो वह घर लौटी और न ही उसके बेटे का कोई पता चला.

नहीं पहुंची मायके

व्यक्ति ने बताया कि उसे लगा कि पत्नी बेटे को लेकर अपने मायके चली गई है. उसने उसके घर से जाने के दो-तीन दिन बाद अपनी ससुराल में फोन कर पत्नी के बारे में पूछा. वहां से उसे बताया गया कि मां बेटा वाह नहीं पहुंचे हैं. थाना खरखौदा की एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला और उसके बेटे के लापता होने का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस छानबीन में लगी है