Rain Alert: कई इलाकों में ओलावृष्टि, जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम

Rain Alert: राजस्थान में देर रात से बदले मौसम ने कहर बरपा दिया है. उदयपुर, सिरोही समेत प्रदेश के कई इलाकों में भारी मात्रा में ओले गिरने से किसानों की फसल चौपट हो गई है. सड़कों पर ओलों की वजह से सफेद चादर बिछ गई है. वहीं जयपुर में भी रुक-रुककर बारिश हो रही है.
 

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम में बदलाव हुआ है. आज रविवार को दिन भर जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर और बीकानेर संभागों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. इसके साथ ही कहीं-कहीं जगहों पर ओलावृष्टि और हो सकती है.


इन जिलों में हल्की बारिश के आसार
अजमेर, भीलवाड़ा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, बीकानेर, जालोर, पाली और श्रीगंगानगर में बादल गर्जन के साथ ही बारिश होने के आसार है. मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है.

 

इन जिलों में तेज हवा के साथ होगी बारिश
प्रदेश के अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, बूंदी, जयपुर, करौली, झुंझुनूं, कोटा, सवाई माधोपुर, टोंक, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और नागौर में भी बादल चमकने के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. इसके साथ ही 30 से 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार है. मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.